नई टिहरी। राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नैक) ग्रेडिंग में पीजी कॉलेज को बी ग्रेड मिला है। बुनियादी ढांचा, अध्यापन और शिक्षण व्यवस्था सहित अन्य तरह की मूल्यांकन प्रक्रिया में खरा उतरने पर महाविद्यालय को यह उपलब्धि हासिल हुई है। यह ग्रेड पांच वर्ष के लिए मान्य होगा। इससे महाविद्यालय को अलग बजट मिलेगा।
राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (नैक) ग्रेडिंग टीम ने 21 और 22 नवंबर को नई टिहरी पहुंचकर पीजी कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। महाविद्यालय को बी ग्रेड मिलने की जानकारी निदेशक राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद बेंगलुरु की ओर से कॉलेज प्राचार्य प्रो. नेगी को मेल के माध्यम से साझा की गई है। बी ग्रेड प्राप्त होने की सूचना मिलने पर शिक्षक खासे उत्साहित हैं। डाॅ. डीपीएस भंडारी, डॉ. अरविंद मोहन पैन्यूली, डॉ. सुशील कुमार कगडियाल, डाॅ. बीपी सेमवाल ने खुशी जताई है।