देहरादून। देश की सबसे बड़ी सामान्य बीमा कंपनियों में से एक एसबीआई जनरल इंश्योरेंस ने खरीफ 2025 सीजन के लिए योजना लागू करने वाले राज्यों में अपना ‘फसल बीमा सप्ताह’ जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। यह एक हफ्ते तक चलने वाली पहल है, जिसका मकसद किसानों को फसल बीमा के फायदे समझाना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में ज्यादा से ज्यादा किसानों को शामिल करना है। किसानों को मौसम से होने वाले नुकसान से बचाने में फसल बीमा की अहमियत को ध्यान में रखते हुए, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस ने 1 जुलाई से 7 जुलाई 2025 तक इन्फॉर्मेशन, एजुकेशन और कम्युनिकेशन से जुड़ी कई गतिविधियां शुरू की हैं। ये कोशिशें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, असम, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे छह बड़े राज्यों के शहरों और गांवों में की जाएंगी, जिनमें लोगों तक पहुंच और असर को बढ़ाने के लिए पुराने और नए तरीकों के मेल से प्रचार किया जाएगा।
अभियान के हिस्से के रूप में, फसल बीमा पाठशालाएं लगेंगी, किसानों के लिए बड़े स्तर की कार्यशालाएं होंगी और लोगों में जागरूकता और बातचीत को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग तरह की एक्टिविटी की जाएंगी। इसके अलावा महिला किसानों के लिए खास सेशंस रखे जाएंगे और अगली पीढ़ी के कृषि नेताओं को जागरूक करने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में युवा-केंद्रित वर्कशॉप भी करवाई जाएंगी। इस पहल के बारे में बात करते हुए, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ नवीन चंद्र झा ने कहा, पीएमएफबीवाई जलवायु परिवर्तन से जुड़ी अनिश्चितताओं से किसानों को बचाने में बड़ी भूमिका निभा रही है। एसबीआई जनरल में हमारा मकसद सिर्फ सुरक्षा देना नहीं है, बल्कि किसानों को जानकारी देकर उन्हें आत्मविश्वास से मजबूत बनाना भी है। इस खास जागरूकता अभियान के जरिए हम जानकारी की कमी को खत्म करना चाहते हैं और योजना में ज्यादा से ज्यादा किसानों को जोड़ना चाहते हैं। जानकारी रखने वाला किसान ही एक सुरक्षित किसान होता है।







